बाजपुर। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को श्री रामभवन धर्मशाला, बाजपुर में सेवा सप्ताह शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने कहा कि सेवा सप्ताह शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सुशासन की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।
शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, लोक निर्माण, सिंचाई, जल निगम, जल संस्थान, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन, वन, उद्योग, उद्यान, मत्स्य, बाल विकास तथा भूमि संरक्षण विभाग सहित कई विभागों ने भाग लिया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
शिविर के दौरान लोगों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का भी संज्ञान लिया गया। कुल 47 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर में लगभग 1150 लोगों ने भागीदारी की। विभिन्न विभागों द्वारा 62 आवेदन और प्रमाणपत्रों से संबंधित प्रकरण भरवाए गए, जबकि 951 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधियों के साथ उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
