अमेठी: यूपी में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भादर ब्लॉक के प्रमुख और बीजेपी नेता प्रवीण सिंह ने पार्टी छोड़ दी है. वह अब बहुजन समाज पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं. प्रवीण सिंह करीब 4 दशक से भाजपा संगठन के अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
प्रवीण सिंह ने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक जीवन में सक्रिय हैं. अब विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी में किनारे किए जाने का उन्हें दुख था. प्रवीण सिंह ने बसपा से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है.
बीजेपी नेता प्रवीण सिंह ने बताया कि वर्ष 2007, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने टिकट के लिए प्रयास किया था, लेकिन हर बार पार्टी ने दूसरे उम्मीदवारों को मौका दिया. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल टिकट नहीं मिलने की वजह से उन्होंने बीजेपी नहीं छोड़ी है.
प्रवीण सिंह ने आगे कहा कि अब वह पांच साल और इंतजार नहीं करना चाहते. उन्होंने अपनी उम्र और राजनीति में बिताए लंबे समय का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने करीब 40 साल समाज और संगठन में काम किया है.
अब वह बसपा के माध्यम से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं. बसपा में शामिल होने के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, एमएलसी दिनेश चंद्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.
प्रवीण सिंह के मुताबिक, उनके साथ करीब 60 से 70 प्रमुख लोग उनके साथ बसपा की सदस्यता लेंगे, जबकि 500 से 600 अन्य साथी भी बसपा में शामिल हो रहे है. उन्होंने आगे कहा कि जो लोग आज शामिल हो रहे है, उनमें से 70 प्रतिशत लोग बीजेपी के ही है.
प्रवीण सिंह के अमेठी से भाजपा छोड़कर बीएसपी में शामिल होने से राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि बसपा प्रवीण सिंह को उमीदवार बनाती है या नहीं.
