देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देते हुए भाजपा ने प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तीसरी बार सत्ता में वापसी का भरोसा जताया है।
तीसरी बार सत्ता में वापसी का भरोसा
पार्टी का कहना है कि प्रदेश की जनता ने विधानसभा उपचुनाव, पंचायत, लोकसभा और नगर निगम चुनावों में लगातार भाजपा को समर्थन दिया है। जनता से मिले इसी अपार स्नेह और विश्वास के आधार पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी जीत का परचम लहराएगी।
कहा कि पार्टी विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रदेश में अब तक किए गए विकास कार्य ही उसके चुनावी मुद्दे होंगे। पार्टी अपने कार्यों और
उपलब्धियों को जनता के सामने रखकर जनादेश प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भीतर जिस तरह का माहौल दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा को हर चुनाव में प्रदेश की जनता का अभूतपूर्व समर्थन और प्रेम मिला है। विधानसभा उपचुनाव से लेकर पंचायत, लोकसभा और नगर निगम चुनावों तक जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया है। यही विश्वास पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के आधार पर भाजपा आगामी चुनाव की तैयारी कर रही है।
36 हजार युवाओं को नौकरी, साढ़े तीन लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है। रोजगार, महिला सशक्तीकरण, गरीब कल्याण, शिक्षा और ग्रामीण विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
रिपोर्ट कार्ड विमोचन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने कामों का हिसाब जनता के सामने रखने में विश्वास करती है।
वर्ष 2022 में भी पार्टी रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उत्तराखंड गठन के बाद सरकार बदलने का मिथक तोड़कर जनता ने भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचाया। अब सरकार अपने कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच है।
नकल विरोधी कानून, 36 हजार नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर देने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई और अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है
। इसके लिए युवाओं को न तो बड़े शहरों में जाना पड़ेगा और न ही कोचिंग फीस देनी होगी। जर्मनी और जापान में रोजगार के लिए युवाओं को भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश में करीब दो हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं। नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है।
साढ़े तीन लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। पांच लाख स्वयं सहायता समूहों से महिलाएं जुड़ी हैं। उन्हें पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल रही है।
इस ब्रांड के तहत महिलाओं के उत्पादों का कारोबार 6.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण और सहकारी संस्थाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं की शिक्षा पूरी करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
10 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 10 लाख लोगों को वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। सरकार ने पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का प्रावधान किया है। अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है। करीब दो लाख परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आवास योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक आवास बनाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास जल्द मिलने की उम्मीद है।
कोरोना काल में भी दिए राहत पैकेज
मुख्यमंत्री ने जुलाई 2021 में जिम्मेदारी संभालने के समय कोरोना की दूसरी लहर का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यटन, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़े क्षेत्रों के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया गया। चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ और स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया। महामारी में माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों के लिए बाल संबल योजना शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नौजवानों को रोजगार, मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत करने, बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। दूरस्थ गांवों तक सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
उत्तराखंड की भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड: प्रमुख उपलब्धियां
1- महिला सशक्तीकरण
- बैणी-भुली योजना के तहत 5 लाख महिलाओं को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान।
- सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30% क्षैतिज आरक्षण।
- 3.5 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी।
- 5.19 लाख महिलाएं 70,767 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं।
- एकल महिला स्वरोजगार योजना में 75% सरकारी मदद।
- अंत्योदय परिवारों को साल में तीन मुफ्त सिलेंडर रिफिल।
- स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण।
- देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे बड़ी महिला को मुखिया का दर्जा।
- नंदा गौरा योजना से तीन लाख बेटियों को 968 करोड़ रुपये की मदद।
- 2.5 लाख एकल महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन।
2- रोजगार और स्वरोजगार
- पारदर्शी भर्ती से 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी।
- 20 हजार नए लघु उद्योग स्थापित।
- 1.1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार।
- एमएसएमई में रोजगार पाने वालों की संख्या बढ़कर 4,56,605।
- बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी का दावा।
- स्टार्टअप की संख्या शून्य से बढ़कर 1,750 से अधिक।
- ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.57 लाख करोड़ के समझौते, एक लाख करोड़ का निवेश धरातल पर।
- हाउस ऑफ हिमालयाज से उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान।
3- युवा और खेल
- युवा आयोग के गठन का निर्णय।
- देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून-2023 लागू।
- नकल के मामलों में 100 दोषियों की गिरफ्तारी का दावा।
- 2025 राष्ट्रीय खेलों में 103 पदकों के साथ उत्तराखंड सातवें स्थान पर।
- हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू।
- पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी भर्ती में 4% क्षैतिज आरक्षण।
- 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग।
- मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 में उद्योगों को 30% नेट सब्सिडी।
- पीएम कौशल विकास योजना के तहत 2,53,895 युवा प्रशिक्षित।
4- पूर्व सैनिक और सैनिक परिवार
- वन रैंक वन पेंशन से 1.16 लाख से अधिक पूर्व सैनिकों को लाभ।
- शहीदों के परिजनों को अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये।
- परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि दो करोड़ रुपये।
- शहीद वीरों की पत्नियों को आवास सहायता पांच लाख रुपये।
- शहीद आश्रितों को नौकरी के लिए आवेदन की समयसीमा दो से बढ़ाकर पांच वर्ष।
- देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण प्रगति पर।
- अग्निवीरों के लिए रोजगार सेल की स्थापना।
- वर्दीधारी ग्रुप-सी पदों में अग्निवीरों को 10% क्षैतिज आरक्षण।
5- किसान और कृषि
- 8.06 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि से तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक।
- 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा।
- मंडुवा का समर्थन मूल्य 2500 से बढ़ाकर 5200 रुपये प्रति क्विंटल।
- 18 उत्पादों को एक साथ जीआई टैग।
- उत्तराखंड के जीआई टैग उत्पादों की संख्या 9 से बढ़कर 27।
- बागवानी योजनाओं के लिए 1200 करोड़ रुपये।
- सेब की खेती पर 70-80% सब्सिडी।
- 53 हजार डेयरी किसानों को चार रुपये प्रति लीटर दूध पर प्रोत्साहन।
- पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये और 80% तक सब्सिडी।
- 1166 अमृत सरोवर तैयार।
6- स्वास्थ्य सेवाएं
- 63 लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा।
- 17 लाख लोगों को उपचार।
- 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना योजना का लाभ।
- हेली एंबुलेंस सेवा शुरू करने वाला देश का पहला राज्य होने का दावा।
- 108 एंबुलेंस से हर साल 1.3 लाख से अधिक मरीजों को मदद।
- 208 प्रकार की पैथोलॉजी जांच मुफ्त।
- हरिद्वार, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में नए मेडिकल कॉलेज।
- छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 675 एमबीबीएस सीटें।
- 84 हजार से अधिक बालिकाओं का निशुल्क एचपीवी टीकाकरण।
- 19 डायलिसिस केंद्रों में 171 मशीनें।
7- शिक्षा
- जुलाई 2026 में उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया।
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाले शुरुआती राज्यों में शामिल।
- 500 सरकारी स्कूल डिजिटल स्टूडियो से जुड़े।
- 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय शुरू।
- 281 विद्यालयों का पीएमश्री स्कूल के रूप में विकास।
- 20 हजार विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना का लाभ।
- सरकारी स्कूलों के दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए आर्थिक मदद।
- मदरसा बोर्ड की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की स्थापना।
- 245 अवैध मदरसे सील किए जाने का दावा।
8- पर्यटन और धार्मिक स्थल
- 2025 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन।
- पांच हजार से अधिक होमस्टे संचालित।
- 2026 चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु।
- कांवड़ मेले में 4.8 करोड़ कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने का दावा।
- शीतकालीन यात्रा की शुरुआत।
- आदि कैलाश में 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
- केदारनाथ पुनर्निर्माण के लिए 400 करोड़ से अधिक निवेश।
- बदरीनाथ धाम विकास के लिए 440 करोड़ रुपये आवंटित।
- मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों और गुरुद्वारों का विकास।
- हरिद्वार गंगा कॉरिडोर की चार योजनाओं के लिए 235 करोड़ रुपये।
- गढ़वाल और कुमाऊं में दो स्पिरिचुअल इको जोन विकसित करने की योजना।
- टिहरी झील में वाटर एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए 130 करोड़ रुपये का निवेश।
9- सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से सफर 2.5 घंटे में।
- चारधाम सड़क परियोजना का 85% काम पूरा।
- पांवटा साहिब-बल्लूपुर एनएच-72 फोरलेन।
- सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे के लिए 4000 करोड़ रुपये की परियोजना।
- गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए 2700 करोड़ रुपये।
- देहरादून-मसूरी रोपवे का काम शुरू।
- 18 हेलीपोर्ट विकसित, 12 पर सेवाएं शुरू।
- देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सफर दस घंटे से घटकर एक घंटा।
- ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 85% काम पूरा।
- रेल नेटवर्क का 100% विद्युतीकरण।
- दो नई वंदे भारत और 18 नई ट्रेनें शुरू।
10- संस्कृति, पहचान और नए कानून
- समान नागरिक संहिता (UCC) लागू।
- सख्त भू-कानून लागू कर पर्वतीय जिलों में बाहरी लोगों द्वारा कृषि भूमि खरीदने पर रोक।
- 538 अवैध मजारें हटाने का दावा।
- 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त।
- धर्मांतरण विरोधी सख्त कानून लागू।
- दंगों में संपत्ति के नुकसान की भरपाई दंगाइयों से कराने का कानून।
- दंगों पर आठ लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान।
- ऑपरेशन कालनेमि के तहत चार हजार से अधिक सत्यापन और 500 से अधिक गिरफ्तारियां।
- गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी फिल्मों को दो करोड़ रुपये तक सहायता।
- 91 सीमावर्ती गांवों का वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में चयन।
- प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण की योजना।
11- गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा
- एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण।
- जल जीवन मिशन में 12 लाख से अधिक नल कनेक्शन।
- उज्ज्वला योजना में पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन।
- स्वच्छ भारत मिशन में पांच लाख से अधिक शौचालय।
- सौभाग्य योजना में दो लाख से अधिक बिजली कनेक्शन।
- 60 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन।
- नौ लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में हर महीने 145 करोड़ रुपये पेंशन।
- बुजुर्ग पति-पत्नी दोनों को 1500-1500 रुपये मासिक पेंशन।
- 33 हजार रेहड़ी-पटरी वालों को पीएम स्वनिधि से ऋण।
- पीएम जनमन से 121 गांवों के 13 हजार से अधिक बुक्सा और राजी परिवार लाभान्वित।
12- सुशासन, अर्थव्यवस्था और आपदा प्रबंधन
- राज्य का वार्षिक बजट बढ़कर 1.19 लाख करोड़ रुपये।
- उत्तराखंड जीईपी सूचकांक-2024 लागू करने वाला पहला राज्य।
- खनन राजस्व 300 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ रुपये।
- जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान में 681 शिविर।
- पांच लाख से अधिक लाभार्थियों को लाभ।
- 33 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान।
- अपणि सरकार पोर्टल पर 900 से अधिक सेवाएं।
- सीएम हेल्पलाइन 1905 और भ्रष्टाचार शिकायत हेल्पलाइन 1064।
- 116 भ्रष्ट अधिकारियों की गिरफ्तारी का दावा।
- 250 से अधिक सरकारी कार्यालय ई-ऑफिस से जुड़े।
- 90 हजार से अधिक फाइलों का ऑनलाइन संचालन।
- रिवर्स माइग्रेशन की दर में 44% वृद्धि का दावा।
- आपदा प्रबंधन के लिए 130 करोड़ रुपये जारी।
