देहरादून/रुद्रप्रयाग/चमोली में सोमवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के साथ विश्व शांति की कामना की। साथ ही चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
दोनों धामों में पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सतपाल महाराज का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने मंदिर परिसरों में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उनके अनुसार देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरी दुनिया को सकारात्मक ऊर्जा देने का कार्य करती है।
सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है। इसके लिए 3,67,995 रुपये का प्रीमियम बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को दिया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा कवर निर्धारित किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं को आर्थिक सहायता मिल सके।
मंत्री ने कहा कि बीमा पॉलिसी के तहत मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा या अन्य जोखिमपूर्ण घटनाओं की स्थिति में प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह पहल यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई है।
सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि चारधाम यात्रा पर आने से पहले अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और डॉक्टर की सलाह जरूर लें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी को ध्यान में रखते हुए जरूरी दवाएं साथ रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
इस अवसर पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत और मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।
