रेवाड़ी: जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रेवाड़ी में बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर जमकर निशाना साधा. महेंद्रगढ़ में होने वाली पार्टी रैली का न्योता देने पहुंचे दुष्यंत ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और मुख्यमंत्री की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है और प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं.
मुख्यमंत्री के दौरों पर सवाल: दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह प्रदेश को पर्याप्त समय नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि, “मुख्यमंत्री कभी विदेश दौरों में तो कभी पंजाब के दौरे में व्यस्त रहते हैं. ऐसे में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर ध्यान कौन देगा? मुख्यमंत्री की अनदेखी के कारण हरियाणा में अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधियों में कानून का डर कम होता जा रहा है. मेरी सरकार से प्रदेश की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग हैं.”
अपराध के मामलों में हरियाणा की स्थिति पर जताई चिंता: पूर्व डिप्टी सीएम ने दावा करते हुए कहा कि, “हरियाणा में अपराध कम होने के बजाय लगातार बढ़ रहे हैं. अपराध के मामलों में प्रदेश देश में शीर्ष स्थानों की ओर बढ़ रहा है. स्थानीय स्तर पर होने वाली वारदातों से लेकर बड़े अंतरराष्ट्रीय अपराधों तक में हरियाणा का नाम सामने आना चिंता का विषय है. प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है. केवल दावों से अपराध पर नियंत्रण नहीं किया जा सकता, बल्कि सरकार को जमीन पर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी.”
महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा: महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर दुष्यंत चौटाला ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि, “महिला सुरक्षा केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि दिल्ली और पंजाब में भी एक गंभीर मुद्दा बनी हुई है. महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए सरकारों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए. कानून व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए गंभीर प्रयास करने की जरूरत है. अपराध नियंत्रण के लिए सरकार की सोच और इच्छाशक्ति सबसे अहम है.”
“अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए इच्छाशक्ति जरूरी”: शराबबंदी और अपराध नियंत्रण का मुद्दा उठाते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, “प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री की सोच और इच्छाशक्ति जरूरी है. यदि सरकार गंभीरता से काम करे तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है. सरकार को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखानी चाहिए.”
BJP पर सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप: दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी पर सांसदों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, “पार्टी करोड़ों रुपये खर्च कर सांसदों को खरीदने की कोशिश कर रही है. लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का महत्व जनता के समर्थन से होना चाहिए, न कि धनबल से.”
महेंद्रगढ़ रैली में लाखों की भीड़ जुटने का दावा: रेवाड़ी पहुंचे दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं को महेंद्रगढ़ में होने वाली पार्टी रैली का निमंत्रण दिया. उन्होंने दावा किया कि रैली ऐतिहासिक होगी और इसमें लाखों लोग पहुंचेंगे. दुष्यंत ने कहा कि, “पार्टी पहले भी कई जिलों में रैलियों के दौरान भीड़ के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और महेंद्रगढ़ में भी नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है.”
इस दौरान उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया. प्रेस वार्ता में दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश सरकार को अपराध, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर घेरा.
