सितारगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सितारगंज में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में परिवार में माता की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
मंगलवार को महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट के सभागार में आयोजित सम्मेलन में संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य पश्चिमी यूपी सुशील कुमार, दुर्गा ज्योति पीठ की गीता शर्मा,रामेश्वर शिव मंदिर के महंत रवि जी महाराज ने विचार व्यक्त किये।
वक्ताओं ने हिंदू संस्कृति और परिवार में माता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता का प्रथम दायित्व है कि वह अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। बड़ों का आदर सत्कार व छोटों को प्यार करें। बच्चों के अंदर राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करें तथा अपने धर्म एव संस्कृति के अनुसार आचरण करना सिखाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना को अपनाते हुए सनातन धर्म को मानने वालों को सदैव एकजुट रहना चाहिए। ईश्वर ने सबको समान बनाया है और इसमें कोई न छोटा है ना कोई बड़ा है। आपसी भेदभाव को भूलकर आपस में प्रेम एवं सौहार्द से रहकर एकता का परिचय देना चाहिए। उन्होंने अपने धर्म एवं राष्ट्र की सुरक्षा करने का आह्वान किया।
वक्ताओं द्वारा डॉ. हेडगेवार की जीवनी पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने संघ द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सम्मेलन में पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह,सुनील गर्ग, निरंजन चौहान, शिवपाल चौहान, त्रिलोक अरोरा, आदेश चौहान, अनिल गर्ग, राजेंद्र चौहान, भगवान सिंह भण्डारी, संगीता जोशी, संजय जोशी, महेश मित्तल आदि मौजूद रहे।
