चंबा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन भी हिमकेयर कार्ड पर किए गए हैं, जो काफी हैरान करने वाले हैं. इसको लेकर अब भरमौर से भाजपा विधायक डॉक्टर जनक राज सोशल मीडिया लाइव आकर सीएम को जवाब दिया है.
मेडिकल साइंस की बात करते हुए भाजपा विधायक डॉक्टर जनक राज ने कहा, ‘हां पुरुषों में भी बच्चेदानी होती हैं. इसमें हैरान होने की आवश्यकता नहीं है. चिकित्सा विज्ञान अपने आप में भंडार है, जहां कई तरह के मामले सामने आते हैं. ऐसे में अगर हिमाचल प्रदेश में पुरुषों में बच्चेदानी की ऑपरेशन हुए हैं तो उसमें हैरान होने की आवश्यकता नहीं है’.
दुनिया भर में 300 से अधिक पुरुषों में बच्चेदानी के हुए रिपोर्ट
विधायक डॉ. जनक राज ने पुरुषों में होने वाली बच्चेदानी के बारे में बताया. जनक राज ने कहा, ‘पूरी दुनिया भर में 300 पुरुषों में बच्चेदानी होने के मामले रिपोर्ट हुए हैं. इसमें हैरान होने की आवश्यकता नहीं है. हिमाचल प्रदेश में इस तरह के मामले सामने आए हैं तो इसमें हैरान होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि कई मामलों में पुरुषों में बच्चेदानी शुरुआत में पाई जाती है, मैं खुद एक ऑपरेशन में अपनी आंखों से पुरुष में बच्चेदानी देखा है’.
‘मैंने खुद पुरुषों में बच्चेदानी को देखा है’
डॉ. जनक राज ने कहा, ‘जब मैं डॉक्टर बन रहा था तो उसे समय मेरे वरिष्ठ डॉक्टर ने हिमाचल प्रदेश में एक इमरजेंसी हर्निया का ऑपरेशन किया था, लेकिन इसी दौरान पुरुष के पेट में अलग सा पार्ट दिखा जो बच्चेदानी रूप में था. हम इस चीज को देखकर खुद हैरान हुए थे कि आखिर पुरुष में बच्चेदानी कैसे हो सकती है?
कई मामलों में दाहिने साइड भी होता है दिल
डॉक्टर जनक राज ने कहा कि कई मामलों में दिल दाहिने साइड होता है, लेकिन अधिकतर मामलों में दिल बाई साइड होता है. उल्लेखनीय है कि डॉ. जनक राज पेशे से न्यूरो सर्जन हैं. यही नहीं उनके पास जनरल सर्जरी में भी एमएस की डिग्री है. उन्होंने बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी से एमसीएच (न्यूरो सर्जरी में गोल्ड मेडल सहित डिग्री हासिल की है). उनका कहना है कि चिकित्सा विज्ञान में कई तरह की अजूबे सामने आते हैं, जो हैरान कर देते हैं. लेकिन इसे राजनीति का मुद्दा बनाना भी कांग्रेस की अजीब हरकत है. किसी भी बात को पहले जान लेना चाहिए, उसके बाद कहना चाहिए.
‘हिमकेयर योजना के नाम पर जनता के साथ हुआ धोखा’
प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला करते हुए डॉक्टर जनक राय ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार के समय में अधिकतर लोगों के ऑपरेशन और इलाज मुफ्त में हुए हैं और लोगों को अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ा है. लेकिन अब लोगों की जेब पर लाखों रुपए का बोझ पढ़ रहा है, जिसके चलते प्रदेश की जनता यह सरकार से तंग हो चुकी है. इस सरकार ने प्रदेश के लोगों के साथ हिमकेयर योजना में धोखा किया है’.
