देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंची. जहां उन्होंने सबसे पहले राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. फिर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंची. जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे को लेकर विस्तार से जानकारी दी.
राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी का दौरा 4 और 5 जून को अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित है. अल्मोड़ा में उनकी पब्लिक मीटिंग होगी. जबकि, पौड़ी में वे पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचेंगे. जहां भूतपूर्व सैनिकों का एक बड़ा सम्मेलन होने जा रहा है. इसके बाद देहरादून में कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे.
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश: उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड आकर संगठन की मजबूती के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे. ऐसे में राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही है. लिहाजा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है.
चुनावी शंखनाद करेंगे राहुल गांधी: कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी. इसके अलावा देहरादून ही नहीं गढ़वाल और कुमाऊं दोनों जगहों पर उनके आने से जनता में भी नई ऊर्जा एवं उत्साह देखने को मिलेगा. क्योंकि, अब चुनाव भी नजदीक है. लिहाजा, राहुल गांधी यहां आकर चुनावी शंखनाद शुरू करने जा रहे हैं.
राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी भी आएंगी उत्तराखंड: कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की कुनीतियों से प्रदेश का आम जनमानस दुखी है और उसने इस बार बदलाव का मन बनाया है. राहुल गांधी के दौरे के बाद कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के अलावा प्रियंका गांधी भी उत्तराखंड आएंगी. ताकि, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में और ज्यादा ऊर्जा का संचार हो सके.
कांग्रेस के कार्यक्रम होने पर नहीं लगाने दिया जाता पोस्टर बैनर: उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का जब भी कोई कार्यक्रम होता है तो जिला प्रशासन उनके बैनर पोस्टर लगे नहीं देता है. उन्होंने इसे गलत परिपाटी बताया है. उनका कहना है कि यह सब बीजेपी के नेताओं के दबाव में होता है. क्योंकि, बीजेपी के नेताओं की सोच बहुत छोटी है. यह सब सरकार और प्रशासन के खिलाफ भी गलत संदेश है.
जनता की आवाज को बुलंद करने का जरिया है राहुल गांधी का दौरा: कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को एक टर्निंग पॉइंट बताया है. उनका कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के युवाओं किसानों और अंकिता भंडारी जैसे मुद्दों पर जनता की आवाज को बुलंद करने का जरिया भी बनेगा.
जनता से करेंगे सीधे संवाद, सरकार की नाकामियों को रखेंगे सामने: उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र धरती से राहुल गांधी जनता से सीधे संवाद करेंगे और सत्ताधारी दल की नाकामियों को उजागर करने का काम करेंगे. तमाम मुद्दों को लेकर वे उत्तराखंड की जनता के बीच पहुंच रहे हैं. राहुल गांधी के यहां आने से राज्य की राजनीतिक दशा बदलने जा रही है.
अंतर्कलह से जूझ रही बीजेपी, कांग्रेस संगठन एकजुट: इस दौरान उन्होंने 2027 के चुनावों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह से एकजुट है. जबकि, बीजेपी वर्तमान समय में अंतर्कलह से जूझ रही है. वहीं, कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के दौरे की तैयारी को लेकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में सभी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक भी की.
