देहरादून। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल दक्षिण जिला की ओर से सेवा सप्ताह के अंतर्गत रविवार को रेसकोर्स स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज (बन्नू स्कूल) परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह के तहत समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मंदिरों और श्मशान घाटों की स्वच्छता, वृक्षारोपण और रक्तदान जैसे कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य समाज में सेवा भावना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विकास वर्मा, आलोक, विशाल चौधरी, आनंद मुनियाल, सौरभ गौतम, राघव उपाध्याय, विशाल वाल्मीकि, सागर वर्मा, रवि यादव, अमर बहादुर और सुमित कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
