चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वह संगरूर में आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता के साथ थे। उन्हें एयरलिफ्ट कर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
फोर्टिस एस्कोर्ट मोहाली की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार मुख्यमंत्री को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल का दौरा किया है। सभी जीवन रक्षक मानक सामान्य और स्थिर पाए गए हैं। फिलहाल उन्हें अत्यधिक थकावट की शिकायत है, जिसके चलते एहतियातन निगरानी में रखा गया है।
सीएम मान की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
सीएम को ऑब्जर्वेशन में रखा गया
जानकारी मिल रही है कि उन्हें फिलहाल निगरानी के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा गया है, ताकि सभी जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर अंतिम निर्णय ले सकें। उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।
संगरूर दौरे पर थे सीएम मान
सीएम भगवंत मान आज संगरूर दौरे पर थे। इससे पहले उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिला संगरूर के धूरी में स्थित प्राचीन श्री रणकेश्वर मंदिर रणीके में अरविंद केजरीवाल के साथ माथा टेका था व शिवलिंग का अभिषेक किया था। आगे राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी व एहतियात के तौर पर मोहाली लाया गया।
