शिमला। हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे 53 कनिष्ठ अभियंताओं यानी जेई के लिए राहत की खबर है। विभाग की पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें 53 कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति के मामलों पर विचार कर प्रक्रिया पूरी कर दी गई। अब विभाग की ओर से करीब एक सप्ताह के भीतर पदोन्नति के साथ नई तैनाती के आदेश जारी किए जाने की संभावना है।
विभागीय कामकाज में आएगी तेजी
पदोन्नति के बाद अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने से विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। विशेष रूप से पेयजल, सीवरेज, सिंचाई और जलापूर्ति से जुड़ी योजनाओं की निगरानी मजबूत होगी।
मानीटरिंग बेहतर होगी
फील्ड स्तर पर तकनीकी अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ने से निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और विभागीय कार्यों की मानीटरिंग बेहतर हो सकेगी।
खाली पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी
इसके अलावा पदोन्नति से विभाग में खाली पड़े उच्च तकनीकी पदों को भरने में मदद मिलेगी और निचले स्तर पर भी पदों को भरने का रास्ता खुलेगा। इससे कर्मचारियों के करियर में आगे बढ़ने के अवसर बढ़ने के साथ विभागीय मानव संसाधन का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा।
