चंडीगढ़। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष आज रविवार को पूरे हो रहे हैं। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
“12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम के साथ 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में हुए कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर केंद्रीय मंत्री और प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता सोमवार से शुक्रवार तक मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अगले रविवार तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
अभियान के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान
अभियान के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति रथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूरा समय बिताएंगे, जबकि विधायक भी पूरे दिन मंडलों में जनसंवाद करेंगे। प्रत्येक जिले में 500 से अधिक प्रमुख नागरिकों से संपर्क कर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, शोषित, वंचित, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। किसानों के हितों की रक्षा, नारी सशक्तीकरण, आधारभूत ढांचे का विकास और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी और अन्य जनहितकारी योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में पार्टी के कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, कार्यशालाएं और लाभार्थी संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी प्रत्येक मंडल स्तर पर आयोजित होंगे।
जिला व मंडल स्तर पर समिति गठित
अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर चार सदस्यीय और मंडल स्तर पर तीन-तीन सदस्यों की समितियां बनाई गई हैं। अभियान के दौरान सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी तथा सभी वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
