चंडीगढ़: दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से पंजाब की राजनीति में भी हलचल मच गई है। सत्येंद्र जैन को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए टेंडर प्रोसेस में कथित गड़बड़ी के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। जैन पंजाब में आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी हैं, जहां अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले है। कोर्ट में पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन ने कहा कि यह पंजाब चुनावों की वजह से किया जा रहा है। आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह के दबाव के कारण यह गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां अब गलत काम के सबूतों के बजाय राजनीतिक कारणों से हो रही हैं।
सीएम मान बोले, कोर्ट में नहीं टिकेगा केस
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर हमला बोला है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने यह चाल चली है। दिल्ली चुनाव से पहले भी संजय सिंह और मनीष सिसौदिया को गिरफ्तार किया गया था। सीएम मान ने कहा कि यह बीजेपी के काम करने का तरीका है। वे अब हताश हो गए हैं। पंजाब में उनकी जमीन खिसक रही है। उनकी पार्टी को यहां कोई आधार नहीं मिल रहा है इसलिए उन्होंने पंजाब के सह प्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अरविंद केजरीवाल पर लगे आरोपों की तरह यह मामला कोर्ट में नहीं टिक पाएगा।
चुनाव से पहले जेल भेजना बीजेपी की चाल
भगवंत मान ने कहा कि यह बीजेपी की सस्ती चाल है। किसी को दो-चार महीने के लिए जेल में डाल दो और फिर देखो बाद में क्या होता है। यह बीजेपी के काम करने का तरीका है, जो लोकतंत्र विरोधी है। वे चुनावों के दौरान बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लेते हैं। विरोधी नेता न्यायिक हिरासत में रहते हैं और चुनाव बीत जाते हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव में बीजेपी बुरी तरह हारने वाली है। इसी हताशा में, पंजाब के सह-प्रभारी सत्येंद्र जैन को 2 साल पुराने एक झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया, सत्येंद्र जैन के साथ मुझे गिरफ्तार किया गया था। अब पंजाब चुनाव से पहले भी गिरफ्तारियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा को भी इसी कारण अरेस्ट किया गया था।
पंजाब विधानसभा स्पीकर ने भी उठाए सवाल
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन पहले भी 2 साल जेल में रह चुके हैं, फिर भी कोर्ट में एक भी आरोप साबित नहीं हुआ। यह किसी अपराध के खिलाफ की गई कार्रवाई नहीं है, बल्कि यह अमित शाह का चुनाव लड़ने का तरीका है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोग डर से पार पा लेते हैं। वे डर का सामना करते हैं और लड़ते हैं। सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीतिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी बीजेपी के चुनाव कैंपेन के लिए काम कर रही है।
