गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में बुधवार को चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। चमोली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है और सरकार इसके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मार्ग पर 78 मीटर लोह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, कई बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, मॉडल पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, डायट गौचर का अनुरक्षण, विद्यालय भवन, पार्किंग निर्माण और अनेक स्टील गर्डर पुल शामिल हैं।
वहीं लोकार्पित योजनाओं में विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, गैरसैंण में इंटरलॉकिंग टाइल्स, जिला चिकित्सालय चमोली और बीपीएचयू पोखरी में नए भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशालाएं, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज तथा कई सड़क उन्नयन परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से चमोली में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
