रेवाड़ी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी में बुधवार को बीजेपी प्रत्याशी को हराने वाली मानेसर नगर निगम की निर्दलीय मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने सात पार्षदों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है.
मेयर समेत 7 पार्षद भाजपा में शामिल : रेवाड़ी जिला भाजपा कार्यालय में मोहन लाल बडौली ने मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव और पार्षद प्रवेश यादव, प्रताप सिह, पिंकी देवी, जुगमिन्द्र जुगनू, रवि यादव, भूपेंद्र बंटी, राजदान मानेसर, रविन्द्र फौजी, जिला पार्षद मनोज साढराणा और पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास को भाजपा परिवार में शामिल किया. सभी को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया.
विनिता यादव के लिए समर्थन मांगा : इस मौके पर राव इंद्रजीत ने भी भाजपा में शामिल हुई मेयर सहित पार्षदों को बधाई देते कहा कि इनके पार्टी में शामिल होने से गुरुग्राम और रेवाड़ी में पार्टी और अधिक मजबूत हुई है. इस अवसर पर रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, विधायक बिमला चौधरी और मानेसर जिला अध्यक्ष अजीत यादव व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया मौजूद रहे. इस मौके पर राव इन्द्रजीत ने रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन पद की प्रत्याशी विनीता यादव के लिए सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि यहां से कांग्रेस जीती तो शहर वासियों को कोई फायदा नहीं होगा. ट्रिपल इंजन की सरकार होने से शहर का विकास होगा. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इशारों ही इशारों में नसीहत दी कि यदि चुनाव परिणाम भाजपा पक्ष में नहीं आया तो ये ठीक नहीं होगा.
“कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि” : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बडौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है. पार्टी में हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है. उन्होंने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं को संगठन को मजबूत करने और जनसेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है. बडौली ने रेवाड़ी नगरपरिषद चुनाव का संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि नायब सैनी सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना है. संकल्प पत्र में 21 वादे किए गए हैं जिन्हें हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है
बीजेपी के प्रत्याशी को हराया था : आपको बता दें कि मार्च 2025 में नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने 10 में से 9 नगर निगमों पर जीत हासिल की थी. मानेसर ही ऐसा निगम था, जहां निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी के सुंदर लाल यादव को हराया था. चुनाव के समय डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी से मेयर का टिकट मांगा था, मगर बीजेपी ने उनकी जगह सुंदरलाल यादव को टिकट दे दिया था. हालांकि चुनाव जीतने के बाद डॉ. इंद्रजीत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत से मिलने के लिए भी गई थी. माना जाता रहा है कि राव इंद्रजीत के समर्थन से ही डॉ. इंद्रजीत ने ये चुनाव जीता था. जीत के बाद एक सभा में मेयर डॉ. इंद्रजीत फूट-फूटकर रोईं भी थी जिसकी तस्वीरें सामने आई थी. तब उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका निर्दलीय मेयर बनना राव नरबीर पचा नहीं पा रहे हैं.
