देहरादून के डालनवाला स्थित एमडीडीए कॉलोनी चंदर रोड क्षेत्र की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर सोमवार को क्षेत्रवासियों ने अपनी आवाज बुलंद की। उत्तराखंड चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 35 से 36 वर्ष पहले निर्मित इस कॉलोनी के अधिकांश मकान अब बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। कई घरों में सीलन, छतों से पानी टपकने और भवनों की संरचनात्मक कमजोरी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में देहरादून में हुई भारी बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे यहां रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है।
प्रतिनिधिमंडल ने एमडीडीए से मांग की कि ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के मकानों के पुनर्निर्माण के लिए एक स्पष्ट, सरल और व्यावहारिक नीति तैयार की जाए। उनका कहना था कि वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार आधुनिक और सुरक्षित आवास विकसित किए जाने चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि एमडीडीए की खाली पड़ी भूमि को इच्छुक लोगों को सर्किल रेट पर उपलब्ध कराया जाए। इससे एक ओर विभाग की आय में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासियों को राहत भी मिल सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जब भी कोई निवासी अपने जर्जर मकान के पुनर्निर्माण का प्रयास करता है, तो विभाग की ओर से नोटिस जारी कर उसे परेशान किया जाता है। लोगों ने मांग की कि इस प्रक्रिया को आसान और जनहितकारी बनाया जाए ताकि निवासी बिना किसी बाधा के अपने घरों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कर सकें।
क्षेत्रवासियों ने बारिश और सीलन से बचाव के लिए अस्थायी टीन शेड लगाने की अनुमति देने का भी अनुरोध किया। उनका कहना था कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक इस तरह की अस्थायी व्यवस्था लोगों को राहत दे सकती है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान संजय शर्मा, टीटू त्यागी, विनोद चौहान, मनोज भट्ट, विजय चौहान, रोबिन त्यागी, विनीत प्रसाद भट्ट, अमित रावत, मदन लाल, हिमांशु रावत, सहजाद अंसारी, अभिषेक तिवारी, अर्जुन सोनकर, सिद्धार्थ अग्रवाल, गौतम डोगरा, तेजस्वी राणा, मोहित मेहता, अतुल सक्सेना, अभिषेक पासी, सोहेल चौहान, तेजिंदर सिंह रावत और मुकेश बसेड़ा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
