पटना: जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार शाम अचानक पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया. वीर चंद पटेल पथ स्थित जेडीयू कार्यालय में उनके इस दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया.
जेडीयू कार्यालय में नीतीश कुमार: इस दौरान उनके साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी मौजूद रहे. वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय गांधी ने भी उनके साथ कार्यालय के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया. नीतीश कुमार करीब 20 मिनट तक पार्टी कार्यालय में मौजूद रहे. नीतीश कुमार ने यहां संवाद कक्ष का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना.
कार्यकर्ताओं से मिले नीतीश: पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाए रखने और पार्टी के प्रति समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया. नीतीश कुमार ने कार्यालय की व्यवस्था को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि इसे काफी मेहनत से तैयार किया गया है, इसलिए इसे उसी तरह बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी कार्यालय पूरी तरह व्यवस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए.
“पार्टी के सर्वमान्य नेता समय-समय पर कार्यालय का निरीक्षण करते रहे हैं और यह कोई नई बात नहीं है. बल्कि मुख्य रूप से संगठन और कार्यालय की व्यवस्था पर ही ध्यान केंद्रित किया गया. नीतीश कुमार जी ने सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पार्टी को आगे बढ़ाने का संदेश दिया.”- संजय गांधी, नेता, जेडीयू
मंत्रिमंडल विस्तार पर बात हुई?: मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय गांधी ने कहा कि इस विषय पर निर्णय होने पर सबके सामने स्पष्ट हो जाएगा. फिलहाल संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि जेडीयू का लक्ष्य हमेशा से विकास और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना रहा है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा.
‘सद्भाव यात्रा’ पर क्या बोले?: इस दौरान संजय गांधी ने नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की ‘सद्भाव यात्रा’ का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पश्चिम चंपारण से शुरू हुई इस यात्रा को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है. जगह-जगह लोग निशांत कुमार का स्वागत कर रहे हैं और उनका अभिवादन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान निशांत कुमार लोगों से अपील कर रहे हैं कि उनके पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करें.
‘निशांत को मिल रहा समर्थन’: जेडीयू नेता ने कहा, ‘निशांत कुमार को जनता से मिल रहे समर्थन और स्नेह के कारण कई जगहों पर यात्रा की गति भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि लोग उनसे मिलने और उनका स्वागत करने के लिए रुक रहे हैं.’ संजय गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार में विकास और सामाजिक सद्भाव का जो माहौल बना है, उसी को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह ‘सद्भाव यात्रा’ निकाली जा रही है.
