चंडीगढ़। हरियाणा में रोडवेज बसों में हर साल एक हजार किलोमीटर तक की मुफ्त यात्रा के लिए अभी तक 20 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड दिए जा चुके हैं। जल्द ही 20 लाख और लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा विजन-2047 के अंतर्गत परिवहन विभाग के पांच वर्षों के रोडमैप और कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गाड़ी पास करने की मैनुअल प्रक्रिया को बंद कर आटोमेटिक बनाया जाए। इससे गाड़ी पास करने के लिए प्रतीक्षा में लगने वाले समय को कम किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी बसों को रेलवे की तर्ज पर ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाए ताकि यात्री एप के माध्यम से देख सकें कि कौन सी बस इस समय कहां है और किस स्टाप पर किस समय पहुंचेगी।
रियल टाइम लोकेशन दिखाई देनी चाहिए
प्रत्येक बस की डिपो से चलने के बाद रियल टाइम लोकेशन दिखाई देनी चाहिए। इसी प्रकार बसों में सीसीटीवी भी लगवाए जाएं जो कंट्रोल रूम से जुड़े हों। बसों में पैनिक बटन भी लगवाए जाएं ताकि आपात स्थिति में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में अधिकतर इलेक्ट्रिक बसें ही खरीदी जाएंगी। इनकी चार्जिंग के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा। अगले एक साल के भीतर प्रदेश में 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे। बस स्टैंड पर सवारियों के लिए जहां इलेक्ट्रिक बसें खड़ी होगी, वहीं पर उनके चार्जिंग प्वाइंट लगवाए जाएंगे।
बस में सवारियों के चढ़ने और उनकी टिकट काटने के दौरान ही बसों को चार्ज करने की व्यवस्था की जाएगी। हर जिले व हर शहर में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इसी प्रकार प्रदेश के अधिक से अधिक हिस्सों में पीपीपी मोड में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करवाए जाएंगे। सभी बस स्टैंडों पर रूफटाप सोलर सिस्टम भी स्थापित करवाए जाएंगे ताकि ऊर्जा उत्पादन में बढ़ोतरी की जा सके।
हरियाणा में सर्वाधिक 26 व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर
पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग के लिए हरियाणा में 26 सेंटर कार्यरत हैं, जो देश में किसी भी अन्य राज्य से ज्यादा हैं। इनके माध्यम से वाहन स्क्रैप करवाने पर केंद्र सरकार 15 हजार रुपये प्रति वाहन इन्सेंटिव दे रही है। केंद्र सरकार हरियाणा को देश में सबसे अधिक 160 करोड़ रुपये का इन्सेंटिव देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा की बचत के लिए पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग को बढ़ावा देने के लिए सीमावर्ती जिलों में व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर बनाए जाएं ताकि अन्य राज्यों के वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिल सके।
बसों की मॉनिटरिंग के लिए बनेगा यूनिफाइड कमांड कंट्रोल सेंटर
प्रदेश स्तरीय यूनिफाइड कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा जहां से सभी सरकारी व निजी बसों की मानिटरिंग की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सभी बस स्टैंड को भविष्य की जरूरतों के अनुसार अपग्रेड किया जाए। जहां बस स्टैंड नहीं हैं अथवा नए बनाने की जरूरत है, वहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड बनाए जाएं जिनमें एसटीपी व ईटीपी का भी प्रविधान हो।
