कुल्लू। भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा ने बुधवार को उपायुक्त कुल्लू के रूप में कार्यभार संभाल लिया। जिला मुख्यालय पहुंचने पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित सर्वोपरि रहेगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
नवनियुक्त उपायुक्त ने कहा कि कुल्लू जिला पर्यटन और बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था के लिए प्रदेशभर में विशेष पहचान रखता है। यहां की प्राकृतिक संपदा, धार्मिक पर्यटन स्थल और सेब सहित अन्य फलोत्पादन गतिविधियां स्थानीय लोगों की आजीविका का मुख्य आधार हैं।
मजबूत व समन्वित टीम होगी तैयार
उन्होंने कहा कि एक मजबूत और समन्वित टीम तैयार कर राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
आपदा से नुकसान का आकलन
उन्होंने यह भी कहा कि हालिया आपदाओं से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में अधिक क्षति हुई है, वहां राहत व पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं को लागू किया जाएगा।
समस्याओं के समाधान में ढिलाई मंजूर नहीं
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। प्रशासन को जनता के प्रति संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम वर्क और सकारात्मक सोच के साथ कुल्लू को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
