जींद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को बजट पेश किया, जिसमें जींद जिले के लिए कई घोषणाएं हुई हैं। इनमें मुख्य तौर पर नरवाना में महिला थाना, पीपलथा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खाद्य पदार्थों की उत्तम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जींद एकीकृत खाद्य प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।
कलौदा गांव में साढ़े छह एकड़ में साढ़े छह एकड़ में स्टेडियम बनाया जाएगा। इसमें एथलेटिक्स, बास्केटबाल व वालीबाल जैसे खेलों की सुविधा रहेगी। इसके अलावा स्टेडियम में मल्टीपर्पज हाल भी बनाया जाएगा। इसमें खिलाड़ी इनडोर गेम्स का अभ्यास कर सकेंगे।
प्रत्येक जिले में एक सिंथेटिक ट्रैक बनाने की भी घोषणा बजट में की गई है। जींद के एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बन रहा है। नरवाना डायलिसिस केंद्र बनाया जाएगा। वहीं जींद में नया विश्राम गृह बनाने, नरवाना में नए बस अड्डे का निर्माण, नागरिक अस्पताल नरवाना के 100 बिस्तर के भवन के निर्माण का कार्य शुरू किए जाने का जिक्र बजट में जिक्र है, इन प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।
सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से उपचारित पानी का सिंचाई में प्रयोग किया जाएगा। जिला जेल में पेट्रोल पंप खोला जाएगा, जिसकी घोषणा पहले भी हो चुकी है। वहीं कुछ ऐसे प्रोजेक्ट रहे, जिनके लिए बजट की घोषणा की उम्मीद जिलवासी लगा रहे हैं।
हैबतपुर में मेडिकल कालेज के प्रथम चरण के निर्माण कार्य के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का और बजट चाहिए। पहले करीब 550 करोड़ रुपये का प्रथम चरण का एस्टीमेट था। लेकिन बाद में रिवाइज एस्टीमेट में इसकी राशि बढ़ गई। बजट में प्रदेश सरकार का कृषि व किसानों पर विशेष फोकस रहा है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
सफीदों, जींद, नरवाना व उचाना में विकसित होंगे नए सेक्टर
सफीदों में एचएसवीपी की तरफ से नए सेक्टर विकसित किए जाने का बजट में जिक्र है। वहीं जींद, उचाना व नरवाना में नए सेक्टर विकसित करने के लिए एचएसवीपी की तरफ ई- भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से करीब 6933 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है।
जिसकी डिमांड ई- भूमि पोर्टल पर डाली गई है। जींद शहर में जुलानी, अहिरका, अमरहेड़ी, जींद, पिंडारा, अशरफगढ़, गोबिंदपुरा, हैबतपुर, निर्जन में जमीन खरीद कर 18 सेक्टर विसकत किए जाएंगे।
इसी तरह उचाना में पालवां व उचाना कलां में जमीन अधिग्रहित करके सात सेक्टर विकसित किए जाने की योजना है। वहीं नरवाना में नरवाना शहर, शहर के साथ लगते डूमरखां कलां, मोहल खेड़ा में जमीन अधिग्रहित करके नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे।
नरवाना में खुलेगा महिला थाना, महिलाओं को होगा लाभ
बजट में मुख्यमंत्री ने नरवाना में महिला थाना खोलने की घोषणा की है। इससे महिलाओं को काफी लाभ होगा। नरवाना क्षेत्र की सीमा पंजाब के साथ लगती है। कई बार महिलाओं को अपनी शिकायत लेकर लगभग 100 किलोमीटर दूर जींद महिला थाना में आना पड़ता है।
इसके अलावा कई बार महिला थाना में पंचायत भी होती हैं और दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात महिला थाना प्रभारी के सामने रखते हैं। ऐसे में यदि एक महिला थाना नरवाना में भी खुल जाएगा तो इससे महिलाओं को काफी लाभ होगा, उनको अपनी शिकायत लेकर जींद नहीं आना पड़ेगा।
इसके अलावा महिला थाना जींद पर भी कामकाज का कुछ बोझ कम हो जाएगा। जिले में दो महिला थाने खुलने से केसों को सुलझाने में भी तीव्रता आएगी। महिला थाना प्रभारी मोनिका ने कहा कि इसमें सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को होगा।
उनको बहुत दूर से जींद नहीं आना पड़ेगा। इसके अलावा मामले सुलझाने की गति भी तेज होगी। उन्होंने कहा कि महिला थाना में प्रतिदिन औसतन चार-पांच मामले आते रहते हैं।
पिपलथा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से ग्रामीणों को होगा फायदा
गांव पिपलथा में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। इससे यहां स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। गांव पिपलथा में इस समय हेल्थ सब-सेंटर चल रहा है। यहां पर तीन कमरे का भवन है। अब इसे अपग्रेड करके यहां पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
इसके लिए बड़े भवन की जरूरत होगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलने के बाद सबसे बड़ी सुविधा यहां डिलीवरी की होगी। इससे आसपास के गांवों की गर्भवति महिलाओं को काफी लाभ होगा। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलने से यहां स्टाफ भी बढ़ जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाएं को पिपलथा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलने से काफी मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने वैसे तो खिल्लाखेड़ी, धर्मगढ़, पिपलथा व झांझ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग भेजी हुई थी। अब मुख्यमंत्री ने पिपलथा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा बजट में की है।
नरवाना के नागरिक अस्पताल में खुलेगा डायलसिस सेंटर
नरवाना के नागरिक अस्पताल में डायलसिस सेंटर खुलेगा। यहां पर पहले 50 बेड का अस्पताल था, जिसको 100 बेड का करने की घोषणा सरकार ने पहले ही कर दी थी। अब इसका बजट में भी नरवाना के नागरिक अस्पताल को 100 बेड का करने की घोषणा की है।
इसके अलावा इस अस्पताल में डायलसिस सेंटर खोलने की भी घोषणा की है। नरवाना का नागरिक अस्पताल 100 बेड का होने पर यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं में काफी मजबूती आएगी। स्टाफ के साथ-साथ जरूरी सुविधाएं भी इस अस्पताल में बढ़ जाएंगी।
इस समय नागरिक अस्पताल जींद में पीपीपी मोड के तहत डायलसिस की सुविधा है। नरवाना में भी यह सुविधा पीपीपी मोड पर उपलब्ध होगी। नागरिक अस्पताल जींद में प्रतिदिन 20 मरीज डायलसिस करवाने आते हैं। नरवाना में भी यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी लाभ होगा।
नरवाना बस स्टैंड की बनेगी नई बिल्डिंग
नरवाना में बस स्टैंड की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। नरवाना बस स्टैंड व वर्कशाप 10 एकड़ में बनी हुई है। यहां अलग-अलग रूट पर जाने के लिए 12 बूथ बनाए जाएंगे। नरवाना से हिसार व चंडीगढ़ जैसे लंबे रूटों की बस चलती है।
जींद जिले में रोडवेज डिपो के तीन उपकेंद्र हैं। इसमें जींद, सफीदों व नरवाना शामिल हैं। जींद डिपो में रोडवेज बसों की संख्या 160 से अधिक है, जिसमें से नरवाना उपकेंद्र के अधीन 30 बस आती हैं।
