नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पांवटा साहिब उपमंडल के टोका नंगला गांव के 30 वर्षीय वीर सपूत मुकेश कुमार का पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 15 फील्ड आर्टिलरी रेजिमेंट के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अपने बहादुर जवान को विदाई दी।
वीर सैनिक मुकेश कुमार की पार्थिव देह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ छोटे भाई मंजीत ने नम आंखों से मुखाग्नि दी और एक माटी का लाल सदा के लिए पंचतत्व में विलीन हो गया। सैन्य टुकड़ी ने अपने वीर सैनिक मुकेश कुमार को आखिरी सलामी दी। माता पिता और परिवार की चीख पुकार के साथ-साथ उपस्थित सभी की आंखें नम थी।
अंतिम संस्कार में शामिल होकर सैंकड़ों लोगों ने अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई क्षेत्र दर्जनों सदस्य भी अपने साथी के इस तरह जाने पर भावविभोर दिखे। बता दें कि वीरवार को हाई वोल्टेज तारों के करंट की चपेट में आने से वीर सपूत मुकेश कुमार की मौत हो गई थी।
25 जून 1996 को टोका नंगला में पिता उजागर सिंह व माता राजबाला के घर जन्मे मुकेश ने 26 जून 2015 को 15 आर्टिलरी रेजिमेंट (फील्ड) के अधीन सेना में सेवारत हुए थे। वर्तमान में देहरादून में सेवारत थे। मुकेश कुमार बचपन से ही बड़े पराक्रमी और खेलप्रेमी थे। मुकेश के अचानक इस तरह दुनिया से चले जाने से दो फौजी भाइयों की जोड़ी भी टूट गई है।
मुकेश का छोटा भाई मंजीत भी सेना में सेवारत है और बहन अनीता एक विवाहित ग्रहणी है। माता-पिता अपने बेटे के सिर पर सेहरा बांधने के सपने देख रहे थे। उन्हें क्या पता था की होनी को कुछ और ही मंजूर होगा। कुछ दिन पहले ही सेना से वीर सपूत मुकेश कुमार माता-पिता और परिवार से मिलने छुट्टी आए थे। किसे पता था कि वीर सैनिक मुकेश कुमार के साथ ऐसी अनहोनी घटना होगी।
वीरवार को ही लांसनायक मुकेश कुमार की सैन्य रेजिमेंट से उप-कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संजय, नायब सुबेदार अनिल, नायब सुबेदार, देवेंद्र सिंह, गनर अभिषेक, गनर अमन के अलावा भुतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब – शिलाई क्षेत्र के पदाधिकारी भी परिवार के साथ मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव देह को सायंकाल उनके घर टोका नंगला लाया गया, तब घर और गांव में मातम छा गया। माता-पिता व भाई-बहन की चीख पुकार सुनकर पुरा गांव गमगीन हो गया।
लांसनायक मुकेश कुमार देश सेवा में समर्पित व कर्तव्यनिष्ठ एवं बहादुर सैनिक थे। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पुरे सैन्य सम्मान के साथ पैतृक गांव में शहीद मुकेश कुमार की अंतिम यात्रा निकाली गई। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई क्षेत्र और सेन्य टुकड़ी ने पांवटा साहिब में शहीद मुकेश की देह का नम आंखों से पुरे सम्मान के साथ पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद मुकेश अमर रहे के जयघोष लगाए।
इस दौरान मुकेश कुमार की बटालियन से कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एच. नायर, सूबेदार मेजर के अलावा अन्य जवान तथा एसडीएम द्विज गोयल, तहसीलदार पांवटा साहिब के अलावा भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र से अध्यक्ष करनैल सिंह आदि मौजूद रहे।
