लखनऊ। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण और उसकी फंडिंग को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से शुक्रवार को करीब छह घंटे पूछताछ की। दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में लखनऊ जोन की टीम ने उनसे विश्वविद्यालय के निर्माण में खर्च हुई रकम, चंदा देने वालों और धन के वास्तविक स्रोतों को लेकर 15 सवाल किए।
ईडी की जांच का सबसे अहम पहलू विश्वविद्यालय के निर्माण पर हुए खर्च और ट्रस्ट के घोषित खर्च में भारी अंतर है। एजेंसी के आकलन के मुताबिक, विश्वविद्यालय के निर्माण और जमीन अधिग्रहण पर करीब 499.09 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट ने आयकर रिटर्न में 78.32 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च दिखाया है।
ईडी ने आजम खां से की पूछताछ
जांच में 12.29 करोड़ रुपये के चंदे को संदिग्ध मानने के बाद एजेंसी ने करीब 426.46 करोड़ रुपये को कथित अपराध से अर्जित संपत्ति बताया है। पूछताछ में ईडी ने यह जानने की कोशिश की कि विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए पैसा कहां से आया और किन लोगों अथवा संस्थाओं ने आर्थिक मदद की।
एजेंसी करीब 186 करोड़ रुपये के सरकारी ठेके हासिल करने वाली एक कंपनी की भूमिका भी खंगाल रही है। आरोप है कि ठेके की रकम का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा विश्वविद्यालय के निर्माण में लगाया गया।
विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी किए सवाल
इसके अलावा मेरठ की दो शैक्षणिक संस्थाओं से ट्रस्ट को मिले 6.24 करोड़ रुपये के चंदे, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की निधि से विश्वविद्यालय परिसर में कराए गए 6.60 करोड़ रुपये के कार्य तथा प्रदेश सरकार से स्वीकृत 23.41 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों पर भी सवाल किए गए।
ईडी किसानों की जमीनों के अधिग्रहण, करीब 34 एकड़ शत्रु संपत्ति और सरकारी ठेकेदारों से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराए जाने के आरोपों की भी जांच कर रहा है। गाजियाबाद की विशेष अदालत ने आजम खां की 12 से 16 नवंबर तक चार दिन की कस्टडी रिमांड मंजूर की है। ईडी के सूत्रों के अनुसार आजम को कल लखनऊ भी लाया जा सकता है।
