पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने सिरमौर प्रवास के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखे प्रहार करते हुए राज्य की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया है। सराहां और पांवटा साहिब में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सुक्खू सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है क्योंकि यह पहली ऐसी सरकार है जो जनहित के काम करने के बजाय पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जनहित में खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने का काम कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू विधानसभा के भीतर और बाहर तो झूठ बोलते ही थे, लेकिन अब उन्होंने प्रदेश की सीमाओं को लांघकर पूरे देश के सामने असत्य परोसना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल के अपने दौरे पर मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सभी दस गारंटियों को पूरा करने के दावे पर पलटवार करते हुए ठाकुर ने कहा कि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है और अभी तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। कांग्रेस केवल चुनाव जीतने के लिए झूठ का सहारा लेती है।
