आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लुधियाना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
ध्वजारोहण के बाद हरपाल सिंह चीमा परेड का निरीक्षण करेंगे और जिलावासियों को संबोधित करेंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने सोमवार को विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व को पूरी देशभक्ति, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बिजली आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और मेडिकल सुविधाओं की समीक्षा की गई।
नगर निगम को PAU मैदान और आसपास की सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। धूल को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव भी किया जाएगा। समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी और मोबाइल टॉयलेट भी लगाए जाएंगे।
वहीं, कमिश्नरेट पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक को सुचारू रखने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से समारोह स्थल पर मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
डीसी हिमांशु जैन ने बताया कि परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य प्रस्तुतियों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, सुरक्षित और यादगार बनाने के निर्देश दिए हैं।
