चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि चंडीगढ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लंबे समय तक चंडीगढ़ में रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया और इस क्षेत्र से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में चंडीगढ़ को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे और अन्य क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, सांसद मनीष तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। पीजीआई के भार्गव ऑडिटोरियम से डॉक्टर, फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी और अन्य लोग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। वर्ष 2017 में लागू की गई राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति ने स्वास्थ्य क्षेत्र को केवल बीमारी के इलाज तक सीमित रखने के बजाय बीमारी की रोकथाम, समय पर जांच और बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी दिशा में देशभर में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना की गई है, जहां लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे मरीजों को अधिक पारदर्शी और आसान सुविधाएं मिल रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि जहां पहले देश में सीमित संख्या में बड़े चिकित्सा संस्थान थे, वहीं अब नए एम्स, मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हजारों नई एमबीबीएस और पीजी सीटें बढ़ाई जाएंगी, जिससे युवाओं को अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत डॉक्टर मिल सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीजीआई चंडीगढ़ की कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर ब्लॉक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों के लाखों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब केवल बीमारी के बाद इलाज करने वाली व्यवस्था से आगे बढ़कर स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में चंडीगढ़ स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्तर भारत के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा और पूरे क्षेत्र को नई दिशा देगा।
