चंडीगढ़: हरियाणा में आगामी विधानसभा सत्र और पार्टी के कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हुई. पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे. बैठक में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और विधानसभा में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई.
महारैली की सफलता पर विधायकों को सराहा: बैठक की शुरुआत में कांग्रेस नेताओं ने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित विपक्ष की महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी विधायकों की सराहना की. साथ ही प्रदेश की जनता का आभार जताया. नेताओं ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता को जनता का समर्थन मिला है और इस अभियान को आगे भी मजबूती से चलाया जाएगा.
गांव-चौपाल तक पहुंचेगा वोट बचाओ अभियान: वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान हुड्डा ने कहा कि, “कांग्रेस अब ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को घर-घर और गांव-चौपाल तक लेकर जाएगी. सभी विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं. इन बैठकों में लोगों को कथित वोट चोरी और एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में सामने आ रही अनियमितताओं के प्रति जागरूक किया जाएगा. 25 तारीख को चंडीगढ़ में विधायक दल की अगली बैठक होगी.”
शिक्षा व्यवस्था पर सरकार से मांगा जाएगा जवाब: बैठक में मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों के आंदोलन का मुद्दा भी उठा. कांग्रेस ने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए उन्हें पूरा स्टाफ और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. हुड्डा ने कहा कि, “सरकार को प्रदेश के पूरे शिक्षा तंत्र पर ध्यान देना चाहिए. आज बहुत सारे स्कूलों में न स्टाफ है और न ही विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा का स्तर भी लगातार गिर रहा है. कांग्रेस जल्द ही शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन सौंपेगी.”
भाखड़ा बोर्ड और पानी के मुद्दे पर भी घेरेंगे: बैठक में भाखड़ा मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई. हुड्डा ने कहा कि, “हरियाणा में सिर्फ लोगों के वोट ही चोरी नहीं हो रहे, बल्कि हरियाणा के हक का पानी भी चोरी हो रहा है. कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में फिर उठाएगी.”
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे भी एजेंडे में: आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी. हुड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को एमएसपी से लेकर खाद तक के लिए तरसा रही है. पार्टी इन मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाकर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगी.
