खटीमा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई और हेलीपैड लोहियाहेड पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसमस्याओं के समाधान पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक की समस्या का समय पर समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएं ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
शोक संवेदना व्यक्त कर परिवार को दी सांत्वना
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नगला तराई में स्वर्गीय मदन सिंह धामी के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों से मुलाकात और कुशलक्षेम पूछी
इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवीन बोरा के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से भी संवाद हुआ।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला अध्यक्ष कमल जिन्दल, सतीश भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
