चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी की रविवार को चंडीगढ़ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में संगठन की भावी रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की कार्ययोजना पर व्यापक मंथन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में यह पहली कोर कमेटी बैठक थी, जिसमें पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए संगठन की भूमिका को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
कोर कमेटी ने भविष्य के राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सशक्तीकरण और जनसेवा के संकल्प के साथ भाजपा आगामी महीनों में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगी।
राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नए प्रदेश नेतृत्व के गठन के बाद पहली बार भाजपा के शीर्ष नेताओं ने एक मंच पर बैठकर संगठन के अगले चरण की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से विचार किया। इससे आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी रहे मौजूद
प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री फनींद्रनाथ शर्मा, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डाॅ. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व प्रधान मोहनलाल बड़ौली, सांसद सुभाष बराला तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
