चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन बुधवार को सुबह 10 बजे शुरू होगा। दिन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल से शुरुआत होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब सरकार देगी।
इसके बाद ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधायक बलकार सिंह सिद्धू बठिंडा जिले के भाई रूपा स्थित लेहरा थर्मल प्लांट से आने वाली 66 केवी बिजली लाइन पर बढ़ते ओवरलोड का मुद्दा उठाएंगे। वह इस संबंध में बिजली मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।
सदन में टेबल पर विभिन्न वार्षिक रिपोर्टें भी रखी जाएंगी। इनमें पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वर्ष 2023-24 की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट शामिल है। इसके अलावा अमृतसर होटल लिमिटेड की वर्ष 2020-21 और 2021-22 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखे सदन में पेश किए जाएंगे।
इसी प्रकार नीम चमेली टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स लिमिटेड की वर्ष 2020-21 और 2021-22 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखे भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा बठिंडा विकास प्राधिकरण की वर्ष 2022-23 की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सरकार पंजाब कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) संशोधन विधेयक, 2026 को सदन में विचार के लिए पेश करेगी। सरकार इस विधेयक पर चर्चा के बाद इसे पारित कराने का भी प्रस्ताव रखेगी।
तीसरे दिन की कार्यवाही में प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टों की प्रस्तुति और संशोधन विधेयक पर चर्चा प्रमुख आकर्षण रहेंगे। राजनीतिक दलों के सदस्यों की ओर से विभिन्न जनहित और क्षेत्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की भी संभावना है।
