चंडीगढ़। बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बंपर और ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश में एक नया संदेश दिया है। इस जीत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने छह विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया था, जिनमें से चार स्थानों पर कमल खिला है।
चुनाव प्रचार अभियान के तहत नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने मेदिनीपुर जिले के मोयना विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।
इसके उपरांत वे हुगली नदी के तट पर स्थित श्रीरामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने भास्कर भट्टाचार्य (श्रीरामपुर), दिलीप सिंह (चंपादनी), देबासिस मुखर्जी (चांदीतला), प्रसनजीत बाग (जंगीपारा) और दीपांजन चक्रबर्ती (उत्तरपरा) के नामांकन कार्यक्रमों में भाग लेकर सभी उम्मीदवारों को विजय भव का आशीर्वाद दिया।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणामों में इन सभी विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के प्रदर्शन ने यह सिद्ध कर दिया है कि नायब सिंह सैनी का प्रचार अभियान पार्टी के लिए अत्यंत प्रभावशाली रहा।
उनकी रणनीतिक सोच और जनसंपर्क कौशल को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के संकेत दिए हैं। सैनी लगातार पंजाब में एक्टिव हैं और पिछले कई दिनों से पंजाब का दौरा कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री निवास पर लगातार पंजाब के लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में नायब की अहम भूमिका रही।
