शिमला। एचआरटीसी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने व वापस घर लौटने के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा देगा। एचआरटीसी की साधारण बसों में यह सुविधा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसकी जानकारी दी है। राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निणर्य लिया गया है। अभ्यर्थी अपने ‘नीट-2026 प्रवेश पत्र’ को पहचान पत्र, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
यह सुविधा अभ्यर्थी के निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक ‘एक बार आने और एक बार वापस लौटने’ की यात्रा के लिए उपलब्ध होगी। यह रियायत 20 से 22 जून (दोनों दिन) तक मान्य रहेगी। निगम प्रबंधन ने सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए बस परिचालकों को रियायत के तहत की गई यात्राओं का आवश्यक विवरण अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर अंकित करने के निर्देश दिए गए है।
निगम के प्रबंधन निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने एचआरटीसी की सभी इकाई अधिकारियों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रियायत का लाभ उठाने वाले विद्यार्थियों का समुचित रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नीट अभ्यर्थियों को राहत प्रदान करना तथा परीक्षा के लिए उनकी यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाना है।
