खटीमा: चंपावत जिले में होली पर्व बेहद उल्लास के साथ मनाया गया है. जिला सूचना कार्यालय चंपावत में भी जिलाधिकारी मनीष कुमार की उपस्थिति में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया. जिसमें जिले भर के पत्रकारों ने शिरकत की. इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी पत्रकारों का होली का टीका लगा होली पर्व की शुभकामनाएं दी. साथ ही वह काली कुमाऊं के पारंपरिक होली गीतों के साथ पत्रकारों संग झूमे. ढोल मजीरे की थाप पर बेहत आनंदित माहौल में होली पर्व जिला प्रशासन एवं पत्रकारों के मध्य आयोजित हुआ.
चंपावत में होली पर्व के उपलक्ष्य में जिला सूचना कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार की उपस्थिति में होली मिलन समारोह जिले भर के पत्रकारों की उपस्थिति में कुमाऊनी लोकसंस्कृति, संगीत और सौहार्द पूर्ण उत्सव के रूप में मनाया गया. काली कुमाऊं की पारंपरिक खड़ी होली की सुरमयी धुनों ने पूरे परिसर को भक्तिरस और उत्साह से सराबोर कर दिया.
ढोल और मंजीरों की ताल पर जब होली के पारंपरिक काली कुमाऊं के गीत गूंजे तो माहौल पूरी तरह से रंगमय हो उठा. जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सामूहिक गायन में भाग लेकर काली कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया. कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवम पत्रकारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया.
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने होली की शुभकामनाएं दीं. स्वयं भी खड़ी होली के गायन में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार भी होली गीतों पर जमकर झूमे.
अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने भी समारोह को आपसी समन्वय और आत्मीयता का प्रतीक बताते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं. रंग, राग और रिश्तों की मिठास से सजा यह आयोजन न केवल होली के उल्लास का प्रतीक बना, बल्कि काली कुमाऊं की लोक परंपराओं की जीवंत झलक भी इस अवसर पर देखने की मिली.
