शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव बीच मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 22 मई को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 11 बजे प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हाल में होगी। आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते सरकार राज्य निर्वाचन आयोग की सहमति से ही अहम निर्णय लेगी। बैठक में आम जनता से जुड़े और प्रशासनिक दृष्टि से जरूरी मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि बैठक की विस्तृत कार्यसूची बाद में जारी की जाएगी।
कैबिनेट ब्रांच ने बैठक अधिसूचित की
मंत्रिमंडलीय बैठक के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की कैबिनेट ब्रांच ने मंत्रिमंडल बैठक अधिसूचित की है। पंचायत चुनाव से पहले शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा।
17 मई को मतदान, 31 को बड़े नतीजे
मंत्रिमंडल बैठक से पहले 17 मई को प्रदेश के 51 शहरी निकायों में मतदान होगा। इनमें सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी नगर निगम सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतें शामिल हैं। नगर परिषद व नगर पंचायतों की मतगणना मतदान के तुरंत बाद होगी, जबकि चारों नगर निगमों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
तीन चरण में पंचायत चुनाव
कैबिनेट बैठक के बाद राज्य में 26, 28 और 30 मई को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होंगे। पंचायतों के लिए मतदान और मतगणना एक ही दिन होगी, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को की जाएगी।
