शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब छोटी-मोटी बीमारी बुखार, खांसी व जुकाम और नियमित जांच या सामान्य टेस्ट के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम शिमला की पहल पर शहर में वेलनेस सेंटर खोलने की शुरुआत कर दी गई है।
तीन वार्डों में खोले सेंटर
इसकी शुरुआत मेयर सुरेंद्र चौहान ने शनिवार को शहर के तीन वार्डों में वेलेनस सेंटर खोल कर दी है। पहला वेलनेस सेंटर रूलदू भट्टा के कुफटाधार, दूसरा शांति विहार में और तीसरा अप्पर भराड़ी क्षेत्र में शुरू किया गया। इनके खुलने से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं अपने घर के पास ही उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके अलावा भराड़ी और समरहिल में क्षेत्रों में भी अगले 15 दिन के भीतर मोहल्ला क्लीनिक शुरू करने की योजना है।
134 तरह की आवश्यक दवाएं मिलेंगी
नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान के मुताबिक इन सेंटरों में 134 तरह की आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य रूटीन जांच और टेस्ट की सुविधा भी यहीं पर मिलेगी। खास तौर पर बुजुर्गों और रोजमर्रा की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें केवल सामान्य जांच के लिए बड़े अस्पतालों में लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।
हर वार्ड में एक वेलनेस सेंटर खुलेगा
मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर वार्ड में कम से कम एक वेलनेस सेंटर खोलने का है। इससे एक ओर लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर शहर के बड़े अस्पतालों में भीड़ कम होगी। उन्होंने कहा कि रूटीन चेकअप और छोटी बीमारियों के मरीज जब वेलनेस सेंटर में इलाज करवाएंगे तो अस्पतालों में गंभीर और बड़ी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
नगर निगम का मानना है कि आने वाले समय में सभी वार्डों में वेलनेस सेंटर शुरू होंगे। इससे राजधानी शिमला की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी।
