पंचकूला। कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए वंचित समुदाय से आने वाले कर्मवीर सिंह बौद्ध को अपना उम्मीदवार बनाया है। अंबाला के रहने वाले कर्मवीर 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुलाना से टिकट के दावेदार रहे हैं।
कर्मबीर बौद्ध हरियाणा सिविल सचिवालय से करीब 5 साल पहले सुपरिंटेंडेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इनकी पत्नी लेबर डिपार्टमेंट में असिस्टेंट है। अब कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम पर सहमति जताई है और इसका औपचारिक एलान भी कर दिया है। इससे पहले अशोक तंवर और उदय भान का नाम भी चर्चा में था।
बीजेपी ने संजय भाटिया पर खेला दांव
हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने एक प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। मंगलवार को राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में संजय भाटिया के नाम की घोषणा कर दी गई है।
क्या है सीटों का समीकरण?
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर 16 तारीख को चुनाव होना है। प्रदेश की 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों के संख्या बल के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है, लेकिन जिस तरह से भाजपा ने पिछले चुनाव में सुभाष चंद्रा व कार्तिकेय शर्मा को अपने समर्थन से निर्दलीय खड़ा कर राज्यसभा भेजने का काम किया, ठीक उसी तर्ज पर इस बार फिर भाजपा की ओर से कांग्रेस के हिस्से वाली सीट पर खेला करने की तैयारी की जा रही है।
