12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा में कई भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और प्रदेशवासियों को योग दिवस की बधाई दी। वहीं दूसरी ओर, सोनीपत की मुरथल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज रहीं, जहां हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सुरेंद्र पूनिया ने कानून व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
पंचकूला: सीमाओं से परे संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ता है योग- मुख्यमंत्री
पंचकूला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह अवसर भारत की उस सनातन चेतना का उत्सव है, जिसने हजारों वर्षों से मानव मात्र को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कोलकाता से वैश्विक योग अभियान का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।विज्ञापन
विदेशी युवाओं की भागीदारी
कार्यक्रम में 16 मित्र देशों के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि योग सीमाओं, भाषा और संस्कृतियों से परे संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ने की क्षमता रखता है। सीएम ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है। उन्होंने महामारी के दौर को याद करते हुए कहा कि कोविड के समय योग और प्राणायाम ने लाखों लोगों को मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान किया।
जन-जन तक योग
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने आह्वान किया, “प्रतिदिन केवल 30 मिनट योग को दीजिए, आपका शरीर भी आपका धन्यवाद करेगा और आपका मन भी।
मुरथल यूनिवर्सिटी में योग के साथ गरमाई राजनीति, सुरेंद्र पूनिया ने कांग्रेस को घेरा
मुरथल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में खेल जगत के दिग्गज जैसे अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट, बॉक्सर विजेंद्र कुमार और कबड्डी स्टार प्रदीप नरवाल मौजूद रहे। इस मौके पर हरियाणा बीजेपी प्रभारी डॉ. सुरेंद्र पूनिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विपक्ष पर तीखे बाण चलाए।
कानून व्यवस्था पर सुरजेवाला को जवाब
रणदीप सुरजेवाला द्वारा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए डॉ. पूनिया ने कहा, “क्या कांग्रेस हरियाणा में रामराज्य छोड़कर गई थी? आज प्रदेश की कई समस्याएं कांग्रेस की ही विरासत का परिणाम हैं।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए बराबर है और सरकार अमन-चैन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
नीट और राहुल गांधी पर तीखा हमला
नीट पेपर लीक विवाद को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी 56 साल के हो गए हैं, लेकिन उनका मन अब भी बचपन का है। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन के दौरान 19 बार पेपर लीक हुआ और उनके राज में छात्र आत्महत्याएं कर रहे थे। कांग्रेस पहले इस पर जवाब दे, फिर हम जवाब देंगे।
मुद्दाविहीन है कांग्रेस
डॉ. पूनिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दुनिया भर में जाकर भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने का एक ‘गोरखधंधा’ बना रखा है। उन्होंने कांग्रेस को पूरी तरह से दिशाहीन, नेतृत्वहीन और मुद्दाविहीन पार्टी करार दिया।
राष्ट्र निर्माण का आधार है योग
पंचकूला से लेकर सोनीपत तक, दोनों ही कार्यक्रमों में इस बात पर जोर दिया गया कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र निर्माण का मुख्य आधार है। नेताओं और खेल हस्तियों ने सभी से ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ को अपने जीवन का दर्शन बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
