जनपद चम्पावत में आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ की शुरुआत सोमवार को बेहद भव्य अंदाज में हुई। पहले ही दिन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां धार्मिक भावना और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर मेल नजर आया।
गौरलचौड़ मैदान स्थित नगर पालिका कार्यालय से श्री गोल्ज्यू मंदिर तक महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया, वहीं रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
कलश यात्रा के दौरान कुमाऊं का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया।
श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महोत्सव का औपचारिक शुभारम्भ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान गोल्ज्यू महाराज से प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना करते हुए महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपद की समृद्धि की कामना की। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने जानकारी दी कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए महोत्सव के कार्यक्रमों में जरूरत पड़ने पर बदलाव किया जा सकता है। इसके लिए महोत्सव समिति के साथ समन्वय स्थापित कर निर्णय लिए जाएंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
