चंपावत। चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के अवसर पर गीता धामी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आत्मीयता और गौरव प्रदान किया। जनपद चंपावत, जहां से पुष्कर सिंह धामी विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसी क्षेत्र में उनका आगमन जनता के प्रति स्नेह, विश्वास और गहरे जुड़ाव का संदेश लेकर आया।
महोत्सव के दौरान गीता धामी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बीच बैठकर सहज संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों और परिश्रम की सराहना करते हुए स्वरोजगार और आजीविका के प्रयासों को क्षेत्रीय विकास की मजबूत नींव बताया।
इस दौरान उन्होंने भोजन निर्माण में भी हाथ बंटाया और श्रम की गरिमा को सम्मान देते हुए प्रत्येक महिला के आत्मविश्वास की खुले शब्दों में प्रशंसा की। उनका व्यवहार यह दर्शाता है कि वे समाज की बहनों की सच्ची हितैषी और प्रेरणास्रोत हैं।
अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सामाजिक परिवर्तन की धुरी बताते हुए महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को क्षेत्र की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने गुणवत्ता, नवाचार और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का आह्वान किया।
गीता धामी की सादगी, मधुरता और आत्मीय व्यवहार ने यह स्पष्ट किया कि चंपावत की जनता को वे अपना परिवार मानती हैं। उनकी उपस्थिति ने नारी सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत किया, जो सेवा, समर्पण और संवेदनशील नेतृत्व के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में अग्रसर है।
