लखनऊ। अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारियों को गति देने में जुटा भारत निर्वाचन आयोग सोमवार से दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधिमंडल युवाओं और बूथ स्तर की चुनावी मशीनरी से सीधे संवाद करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सोमवार को अपने पुराने शिक्षण संस्थान काल्विन कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब 2.0 (ईएलसी 2.0) और आयोग के एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म ईसीआईएनईटी पर क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में 20 जिलों के 120 विधान सभा क्षेत्रों से करीब 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख हिस्सा लेंगे।
आयोग की ओर से ईएलसी और ईसीआईएनईटी पर तीन चरणों लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं। पहले चरण में लखनऊ के क्षेत्रीय सम्मेलन में शाहजहांपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर व उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
इन जिलों के 120 विधान सभा क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। दूसरे दिन 25 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ही लखनऊ तथा आस-पास के जिलों के लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त संवाद करेंगे।
