देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरी विकास परियोजनाओं के लिए 1967 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित 15 जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित जल-निकासी योजनाओं का है। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं के लिए 1960 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
सरकार का मानना है कि जीआईएस आधारित ड्रेनेज प्रणाली विकसित होने से शहरों में जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले के टनकपुर स्थित खेतखेड़ा गांव को शारदा नदी से होने वाले कटाव और बाढ़ के खतरे से बचाने के लिए 6.82 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत नदी के दाहिने किनारे पर सुरक्षा कार्य किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों की आबादी और कृषि भूमि को सुरक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित चकबंदी कार्यालय के सामने स्टाफ कार पार्किंग निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। 70.21 लाख रुपये लागत वाली इस परियोजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में 42.12 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। पार्किंग का निर्माण इंटरलाकिंग टाइल्स से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
