शिमला। चार में से तीन नगर निगमों में बीजेपी का कब्जा और जिला परिषद चुनावों में भगवा बढ़त ने कांग्रेस को चिंता में डाल दिया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी आत्ममंथन करेगी और संगठन को जमीन पर मजबूत करने पर पूरा फोकस रहेगा।
सचिवालय में पत्रकारों से बात करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने साफ किया कि नई कार्यकारिणी के साथ सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जाएगा और हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चला जाएगा। उन्होंने माना कि सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि हार के कारणों पर पार्टी फोरम में खुलकर चर्चा होगी। टिकट बंटवारे से लेकर स्थानीय समीकरणों तक हर बिंदु की समीक्षा की जाएगी। मंत्री ने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है और लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है, मगर सबक लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। नगर निगम के उलट पंचायत चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा।
विक्रमादित्य ने बताया कि पालमपुर क्षेत्र समेत कई जगह पार्टी समर्थित उम्मीदवार जीते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में उम्मीदवार का निजी व्यवहार, रिश्तेदारी और गांव-समाज से जुड़ाव सबसे ज्यादा मायने रखता है। पंचायत प्रधान ही विकास की पहली सीढ़ी होते हैं, इसलिए इन चुनावों का महत्व अलग है।
बीजेपी नेताओं के बड़े-बड़े दावों पर मंत्री ने कहा कि तस्वीर जल्द साफ हो जाएगी। उन्होंने पंचायत चुनाव में जीते सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि विकास के मुद्दे पर सबको मिलकर काम करना होगा। कांग्रेस अब बूथ स्तर तक संगठन को धार देने की रणनीति पर काम करेगी।
