देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय परिवहन मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में गोदियाल ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन प्रदेश और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा और समाज सेवा को समर्पित रहा। भारतीय सेना में उच्च पद पर रहते हुए और बाद में केंद्र सरकार में मंत्री तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का असमय निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद है। गोदियाल ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र शाह, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, राजेश चमोली सहित अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी खंडूड़ी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
