गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। टैबलेट वितरण का समारोह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में होगा। समारोह में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया व कुशीनगर की युवा प्रतिभाएं एक मंच पर जुटेंगी। गोरखपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 35000 जबकि देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। एक ही दिन में 50 हजार युवाओं के हाथों में आधुनिक गैजेट पहुंचने से गोरखपुर मंडल में डिजिटल क्रांति को नई गति मिलेगी।
डीएम दीपक मीणा के अनुसार, वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत से लेकर अब तक जिले के 141085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन से लाभान्वित किया जा चुका है। जिले में आवंटित शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष बचे 52,800 टैबलेट कॉलेजों के माध्यम से बांटे जा रहे हैं, जिसका आयोजन बुधवार को सीएम योगी के सानिध्य के होगा। इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर के साथ-साथ डिप्लोमा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट), पैरामैडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा गया है।
चंपा देवी पार्क में कार्यक्रम को लेकर यातायात डायवर्जन
चंपा देवी पार्क में शुक्रवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के तहत यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत कई मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।
यातायात पुलिस के मुताबिक, महुआतर से इंडस्ट्रियल एस्टेट के लिए खुलने वाली नो-एंट्री सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक और महेवा मंडी के लिए खुलने वाली नो-एंट्री दोपहर 12 से दो बजे तक बंद रहेगी। दोनों नो-एंट्री रात 11 बजे खुलेंगी। पैडलेगंज चौराहे से नौकायन की तरफ जाने वाले सामान्य वाहन तारा मंडल बाईपास तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसी तरह नौकायन तिराहे से पैडलेगंज की ओर जाने वाले वाहन तारामंडल और थाना रामगढ़ताल तिराहा (पुराना हनुमान मंदिर) होकर निकलेंगे।
थाना रामगढ़ताल तिराहे (पुराना हनुमान मंदिर) से नौकायन तिराहे की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। ये वाहन तारामंडल देवरिया बाई पास मोड़ तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल चंपा देवी पार्क जाने वाले वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट रहेगी।
राज्यमंत्री अफसरों से बोले- योजनाओं का लाभ दिलाएं
वहीं, प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने गुरुवार को गोरखपुर के सर्किट हाउस में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बैंकों से समन्वय स्थापित कर जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। राज्यमंत्री की मौजूदगी में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना, एक जनपद-एक उत्पाद, एक जनपद-एक व्यंजन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा विभाग द्वारा संचालित अन्य स्वरोजगार एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा की गई।
