शिमला। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ईवीएम को लेकर बयान दिया है। शिमला में सीएम सुक्खू ने कहा कि ईवीएम को कोई भी हैक कर सकता है व कहीं भी हैक कर सकता है। 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान भी देखा है कि कांग्रेस का वोट प्रतिशत इतना कम आ गया, जिस पर यकीन नहीं हो रहा था।
वह तब नादौन से विधायक थे, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र से भी बेहद कम वोट कांग्रेस को मिले थे। ऐसे में शंका जरूर पैदा होती है। इतनी परसेंटेज हिमाचल प्रदेश के इतिहास में कभी नहीं देखी गई थी।
हालांकि, चुनाव आयोग इस तरह के दावों का कई बार खंडन कर चुका है। चुनाव आयोग ने कई बार ईवीएम हैक करने का चैलेंज भी दिया है, जिसमें कोई सफल नहीं हो पाया। लेकिन फिर भी चुनावी बेला में अकसर इस तरह की चर्चाएं होने लगती हैं।
सीएम सुक्खू थे स्टार प्रचारक
चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में केरलम को छोड़कर कांग्रेस का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और पंचायत राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने चुनाव प्रचार में भाग लिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री को असम और बंगाल में स्टार प्रचारक नियुक्त किया था।
असम व बंगाल में किया था तीन दिन चुनाव प्रचार
सुक्खू ने असम में दो दिन और बंगाल में तीन दिन चुनाव प्रचार किया, जहां उन्होंने चुनावी बैठकों और प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। भोरंज से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार भी तीन दिन तक बंगाल में रहे, लेकिन उनका कार्यक्रम मुख्यमंत्री के साथ ही था। अनिरुद्ध सिंह को असम विधानसभा चुनाव में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और वह 15 से 20 दिन तक असम में रहे।
