शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार सायं शिमला से दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से भी बातचीत हुई, जो हाल ही में हिमाचल में चुनाव प्रचार कर लौटी हैं।
रविवार को मुख्यमंत्री दिल्ली से तिरुवनंतपुरम रवाना होंगे। वह 18 मई को केरलम में कांग्रेस की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
इससे पहले उन्होंने शिमला स्थित राज्य सचिवालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वोकेशनल शिक्षकों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। सीएम हाल ही में सोलन दौरे से लौटे थे और पिछले तीन-चार दिनों से नगर निगम चुनाव प्रचार में व्यस्त थे।
