मेरठ। यूपी के मेरठ में शहर के व्यस्त बाजार आबूलेन पर मंगलवार दोपहर एक दुस्साहसिक वारदात से हड़कंप मच गया। होटल में बंधक बनाई गई गाजियाबाद की एक युवती मौका पाकर मदद की गुहार लगाते हुए सड़क पर दौड़ पड़ी। पीछे से आए आरोपी युवक ने बीच सड़क पर युवती को दबोच लिया और मारपीट करते हुए जबरन गोद में उठाकर वापस होटल में ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान लाइव ‘वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी युवती की मुलाकात ढाई साल पहले नोएडा के एक मॉल में रोहटा के जैनपुर निवासी सलमान से हुई थी, जिसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। परिजनों ने अब युवती का रिश्ता कहीं और तय कर दिया है। सोमवार को युवती मेरठ में अपनी सहेली से मिलने आई थी। शाम को सलमान उसे कार से आबूलेन स्थित ‘होटल स्क्वायर’ ले आया और बिना आईडी जमा किए कमरा लेकर रात भर बंधक बनाए रखा।
मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती बदहवास हालत में होटल से निकलकर सड़क पर दौड़ी, लेकिन सलमान ने उसे पकड़ लिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ देखकर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर सलमान के खिलाफ मारपीट व बंधक बनाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। होटल को सील कर दिया गया है और आरोपी की तलाश में स्वाट समेत दो पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
धर्मांतरण के दबाव और होटल की मिलीभगत का आरोप
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोप लगाया कि आरोपी सलमान युवती पर जबरन शादी और धर्मांतरण का दबाव बना रहा था। उन्होंने बिना आईडी के कमरा देने के मामले में होटल मालिक और मैनेजर की मिलीभगत बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों की तलाश जारी
मेरठ सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो आबूलेन स्थित होटल के बाहर का है। युवक और युवती पूर्व परिचित हैं और सोमवार रात होटल में रुके थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। युवती ने अपहरण की बात से इनकार किया है। मुकदमा दर्ज कर होटल बंद करा दिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।”
