मंडी: हिमाचव विधानसभा चुनाव में अभी भले ही वक्त है, लेकिन प्रदेश में आरोप प्रत्यारोप का दौर अभी से चरम पर है. प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष के गृह जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले में कांग्रेस के पुराने राजनीतिक आधार का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मंडी जिले लंबे समय तक कांग्रेस का गढ़ रहा है और राजनीतिक परिस्थितियां प्रतिकूल होने के बावजूद कांग्रेस यहां चार से छह विधानसभा सीटें जीतती रही है. हालांकि, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मंडी जिला की 10 विधानसभा सीटों में से केवल एक सीट पर ही जीत दर्ज कर पाई. मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह बात बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही.
‘जयराम ठाकुर के अधूरे वादों से कांग्रेस पार्टी को हुआ नुकसान’
सीएम सुक्खू ने कहा कि, “वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा ने मंडी जिले की 9 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी. तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उनमें से कई वादे पूरे नहीं हो पाए. इसका असर मंडी जिला के विकास पर भी पड़ा. जयराम ठाकुर ने चुनाव के दौरान मंडी की जनता के बीच क्षेत्रवाद का नारा दिया, जिसके बाद भाजपा को जिला में बड़ी सफलता मिली. जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री रहते विकास कार्यों का लाभ पूरे मंडी जिला में समान रूप से नहीं पहुंचा और विकास मुख्य रूप से सराज विधानसभा क्षेत्र तक सीमित रहा.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि, वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश के हर वर्ग और विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है. सरकार का उद्देश्य ऐसी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है, जिनका लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक पहुंच सके. पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किए जा रहे कुछ कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि, प्रदेश सरकार विकास और आम जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है.
‘एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों का होगा भव्य स्वागत’
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. सीएम सुक्खू ने कहा कि, “एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश के जिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं, उनके प्रदेश लौटने पर स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा. खिलाड़ियों को सरकार की ओर से निर्धारित सरकारी नियमों के तहत पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी.”
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल हिमाचल प्रदेश की चार खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, इन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश का नाम भी रोशन किया है. इश दौरान सीएम ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
