कालका (पंचकूला)। कालका रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला उस समय अचानक रुक गया, जब उन्होंने गांधी चौक पर एक कुल्फी की दुकान के सामने वाहन रुकवाकर कुल्फी खाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री के इस अप्रत्याशित पड़ाव से अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
मुख्यमंत्री को कुल्फी खाते देख आसपास बड़ी संख्या में लोग और दुकानदार एकत्र हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। दुकानदारों ने उन्हें बताया कि शहर में पेयजल की आपूर्ति दो-दो दिन बाद हो रही है, पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है, कई सड़कों की हालत खराब है तथा अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष हिंदू कन्या स्कूल को दोबारा शुरू कराने की मांग भी रखी। नागरिकों ने शहर के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
गांधी चौक पर मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक रुके और लोगों से आत्मीयता से बातचीत करते रहे। इसी दौरान कुछ दुकानदारों ने मुस्कुराते हुए कहा, “सीएम साहब, आप भेष बदलकर आइए, तभी कालका की असली समस्याओं का पता चलेगा।”
इस टिप्पणी पर मुख्यमंत्री सहित मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे और माहौल हल्का-फुल्का हो गया। गांधी चौक से रवाना होने के बाद मुख्यमंत्री रामबाग रोड पर भी कुछ देर रुके और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
