रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की. इस दौरान सीएम धामी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा.
रुद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए. उन्होंने विपक्ष पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने, देश में भ्रम और अराजकता फैलाने व सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया.
सीएम धामी ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष की स्थिति ऐसी हो गई है कि ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’. जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा है.
कांग्रेस की दिल्ली रैली पर खड़े किए सवाल: सीएम धामी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किए. उन्होंने ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि दीपावली के बाद भी रैली आयोजित की जा सकती थी, लेकिन व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज करते हुए बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया.
विपक्ष को बताया देश के लिए खतरनाक: सीएम धामी ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कार्यक्रमों के कारण व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा और अराजकता का माहौल बनाया गया. सीएम धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में होती है तो जनता के लिए खतरनाक साबित होती है और जब सत्ता से बाहर होती है तो देश के लिए खतरा बन जाती है.
सीएम धामी ने राहुल गांधी पर उत्तराखंड के सपूत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है. ऐसे में सेना के शौर्य पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों का अपमान है.
मुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई का सबूत मांगते हैं तो कभी देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हैं. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के नेताओं को अपने युवराज की बातें पसंद नहीं आतीं तो उन्हें उन बातों का विरोध करना चाहिए.
खटीमा और रामपुर गोलीकांड के लिए अलिखेश पर साधा निशाना: अपने संबोधन में सीएम धामी ने उत्तराखंड के इतिहास से जुड़े खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि खटीमा में गोलीकांड के दौरान सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे. वहीं, उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हुई थीं. इसके लिए सीएम धामी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा.
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इस कांड के जख्म आज भी ताजा हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर उनका अपमान किया है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे जिहादी और उन्मादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं और जब उनके सामने गलत मानसिकता का प्रदर्शन होता है तो वे चुप्पी साध लेते हैं. उन्होंने विपक्ष पर झूठ और भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा दिया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा नहीं, बल्कि अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए. सीएम धामी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी विपक्ष के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी.
विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध और भ्रम फैलाना: उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध और भ्रम फैलाना रह गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होने तक सरकार इसी दिशा में काम करती रहेगी. सीएम धामी ने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी.
उत्तराखंड में विकास कार्यों को गिनाया: मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड में बीजेपी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कई वर्षों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है. जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को प्रदेश में वापसी का मौका नहीं दिया जाना चाहिए.
सीएम ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है. इसके साथ ही प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं.
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका, हंगामे की स्थिति: जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई, जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचा. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोकते हुए बाहर धकेल दिया. इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और अराजकता का माहौल बन गया. मामला सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी बात सुनने का प्रयास किया.
गांधी पार्क से निकली पदयात्रा: जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा सहित पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया.
पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची. इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई. कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया.
