चंबा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तय कार्यक्रम के तहत चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। रामपुर के विधायक नंद लाल के निधन के कारण सीएम सुक्खू ने ककीरा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। सीएम सुक्खू ने चुवाड़ी के चौगान में 419 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्धाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर से महिला सशक्तीकरण के लिए हर महिला 1500 सौ रुपये प्रति माह मिलेंगे।
परिवार में तीन महिलाएं हैं तो 4500 रुपये मिलेंगे। अगले माह 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। भटियात के करीब दस हजार परिवारों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। जल्द ही स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिलेगी।
पढ़ा-लिखा विधायक चुनें
सीएम सुक्खू ने जनता से अपील है कि अपने विधानसभा क्षेत्र से पढ़ा-लिखा विधायक विधानसभा में भेजें, जो आपकी आवाज उठा सके न कि वहां बैठकर समय व्यतीत करे।
डलहौजी से शिफ्ट नहीं होंगे संस्थान
सीएम ने कहा कि डलहौजी विधानसभा से कोई भी सरकारी संस्थान शिफ्ट नहीं होंगे। भटियात में नए सरकारी संस्थान खोले जाएंगे।
चुवाड़ी स्टेडियम के लिए 10 करोड़
चुवाड़ी में सिविल कोर्ट, चुवाड़ी स्टेडियम के लिए 10 करोड़। भटियात में और सीबीएसई स्कूल खोले जाएंगे। छोटे संपर्क मार्गों को पूरा करने के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
4 दिन का कार्यक्रम था तय
सीएम का पहले तीन से छह नवंबर तक जिला चंबा का प्रवास तय था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चुराह और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में विकास योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करने थे। लेकिन विधायक के निधन के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किए गए हैं। सीएम सुक्खू शाम को विधायक की शवयात्रा में शामिल हुए।
चुवाड़ी में रोड शो
मुख्यमंत्री ने चुवाड़ी चौगान में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले रोड शो भी हुआ। शाम को ककीरा के चलामा मेला मैदान में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम था, जिसे स्थगित किया गया है।
